केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की दसवीं-बाहरवीं बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू होने जा रही हैं। दसवीं व बारहवीं परीक्षाओं में इस बार 30,96,771 विद्यार्थी पंजीकृत हुए हैं। सीबीएसई ने बड़े स्तर पर होने वाली इस परीक्षा के सफल संचालन की पूरी तैयारी कर ली है। पेपर लीक और नकल को रोकने के लिए बोर्ड ने इस बार पुख्ता इंतजाम किए हैं।
बोर्ड की परीक्षाओं में इस बार बारहवीं में 12,06,893 विद्यार्थी व दसवीं की परीक्षा में कुल 18, 89, 878 विद्यार्थी पंजीकृत हुए हैं। बारहवीं में 52,2,819 लड़कियां व 68,4,068 लड़के व छह ट्रांसजेंडर परीक्षा देंगे। वहीं दसवीं में 78,8,195 लड़कियां व 11,01,664 लड़के व 19 ट्रांसजेंडर परीक्षा में बैठेंगे।
देशभर में दोनों परीक्षाओं के लिए 33,517 स्कूलों में कुल 10,359 सेंटर बनाए गए हैं। दिल्ली में निजी स्कूलों से दसवीं की परीक्षा के लिए 12,8,756 व सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों से 1,76,246 विद्यार्थी पंजीकृत हुए हैं। जबकि बारहवीं के लिए निजी स्कूलों से 99,053 सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों से 1,33,271 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
वहीं बीते साल की तरह ही मधुमेह टाइप-1 से पीड़ित छात्र शुगर टैबलेट, चॉकलेट, कैंडी, केला, संतरा, सेब, सेडविंच, पानी की छोटी बोतल ले जाने की अनुमति होगी। हालांकि इन खाद्य वस्तुओं को ले जाने के लिए इन छात्रों को मधुमेह विशेषज्ञ से मधुमेह के इतिहास, मधुमेह की प्रकृति, व परीक्षा के दौरान नाश्ते की जरुरत को प्रमाणपत्र के साथ प्रिंसिपल के माध्यम से प्रस्तुत करना होगा।