फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैट 2026: आखिरी 15 दिन में कैसे करें तैयारी? तीनों सेक्शन में अच्छे अंक पाने के लिए अपनाएं ये तरीके

Sat, 14 Nov 2026 02:28 PM IST
शिवम तिवारी एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

कैट 2026 की परीक्षा 29 नवंबर को होगी। अब उम्मीदवारों के पास तैयारी के लिए सिर्फ 15 दिन बचे हैं। ऐसे में तीनों सेक्शन VARC, DILR और क्वांट पर सही तरीके से ध्यान देना जरूरी है। विशेषज्ञों ने रोजाना सवाल हल करने, मॉक टेस्ट देने और आसान सवाल पहले चुनने की सलाह दी है। जानें आखिरी दिनों में तैयारी की पूरी रणनीति।
 
विज्ञापन
CAT 2026 - फोटो : AI Generated
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) 2026 की परीक्षा 29 नवंबर को होगी। इसका आयोजन भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) इंदौर करेगा। परीक्षा में अब सिर्फ 15 दिन बचे हैं। ऐसे में उम्मीदवारों को नई चीजें पढ़ने के बजाय पहले से पढ़े हुए विषयों को दोहराने और सवाल हल करने पर ध्यान देना चाहिए। सामान्य उम्मीदवारों को परीक्षा के लिए कुल 120 मिनट मिलेंगे। तीनों सेक्शन के लिए 40-40 मिनट तय हैं। दिव्यांग उम्मीदवारों (PwBD) को 40 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा। एडमिट कार्ड जारी हो चुके हैं और उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट iimcat.ac.in से डाउनलोड कर सकते हैं।

VARC सेक्शन की तैयारी कैसे करें?

VARC यानी वर्बल एबिलिटी एंड रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन में अच्छे अंक पाने के लिए पढ़ने और समझने की क्षमता जरूरी है। इसमें पैसेज, पैराग्राफ जंबल, पैराग्राफ पूरा करने, सारांश और क्रिटिकल रीजनिंग से जुड़े सवाल पूछे जा सकते हैं। पैसेज का विषय पहले से तय नहीं होता। ये राजनीति, इतिहास, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, जीव विज्ञान और साहित्य जैसे क्षेत्रों से हो सकते हैं। इसलिए किसी एक विषय पर निर्भर न रहें। विशेषज्ञों की सलाह है कि परीक्षा में पहले आसान पैसेज चुनें और कठिन सवाल बाद में हल करें। सिर्फ तेजी से पढ़ना काफी नहीं, बल्कि पैसेज को समझना भी जरूरी है।

DILR सेक्शन में अच्छे अंक कैसे लाएं?

DILR यानी डेटा इंटरप्रिटेशन एंड लॉजिकल रीजनिंग में जानकारी को समझने और उसका सही इस्तेमाल करने की क्षमता परखी जाती है। विशेषज्ञों के मुताबिक उम्मीदवारों को रोजाना तीन से चार सेट हल करने का अभ्यास करना चाहिए। किसी भी सेट को हल करने से पहले उसमें दी गई हर जानकारी को ध्यान से पढ़ें। फिर अलग-अलग बयानों के बीच संबंध तलाशें और संभावित स्थितियों के आधार पर जवाब निकालें। परीक्षा में पहले पूरे सेक्शन को देखें और उन सेट को चुनें, जिन्हें आसानी से हल किया जा सकता है। पहले आसान सवाल करें और उसके बाद मध्यम स्तर के सवालों पर जाएं।

क्वांट सेक्शन की तैयारी कैसे करें?

क्वांट यानी क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड में गणित की समझ और सवाल हल करने की क्षमता देखी जाती है। इस सेक्शन में कुछ सवाल आसान होते हैं, जबकि कुछ को हल करने में ज्यादा समय लग सकता है। ऐसे में उम्मीदवारों को पहले उन सवालों पर ध्यान देना चाहिए, जिन्हें वे जल्दी और सही तरीके से हल कर सकते हैं। विशेषज्ञों ने रोजाना 20 से 25 सवाल हल करने की सलाह दी है। इसके साथ गणित के जरूरी फॉर्मूले और कॉन्सेप्ट दोहराते रहें। ऑनलाइन सेक्शनल टेस्ट देने से समय का सही इस्तेमाल करना सीख सकते हैं और अपनी तैयारी की कमियां भी पहचान सकते हैं।

आखिरी 15 दिनों में किन बातों का रखें ध्यान?

परीक्षा से पहले बचे 15 दिनों में उम्मीदवारों को अपनी तैयारी का संतुलन बनाए रखना चाहिए। तीनों सेक्शन को समय दें और जिस विषय में कमजोरी है, उस पर थोड़ा ज्यादा अभ्यास करें। ऑनलाइन मॉक टेस्ट और सेक्शनल टेस्ट देकर अपनी गति और सवालों की सही पहचान करने की क्षमता बढ़ाएं। परीक्षा में हर सवाल हल करने की कोशिश न करें। पहले आसान और अपनी पकड़ वाले सवाल चुनें, फिर मुश्किल सवालों पर जाएं। कामकाजी उम्मीदवारों के लिए समय का सही इस्तेमाल और नियमित अभ्यास खास तौर पर जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार, सही रणनीति, अभ्यास और आत्मविश्वास से प्रदर्शन बेहतर किया जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें