पॉलीटेक्निक के पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा(UPJEE Polytechnic) के प्रवेश पत्र शुक्रवार से डाउनलोड किए जा सकेंगे। छात्र संयुक्त प्रवेश परीक्षा की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 23 अप्रैल को दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव एफआर खान ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन फॉर्म भरते वक्त फोटो और हस्ताक्षर अपलोड नहीं किए थे उनके प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं होंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को एसएमएस से सूचना भी दी गई थी। उनके प्रवेश पत्र तभी अपलोड किए जाएंगे जब वे अपनी फोटो व हस्ताक्षर अपलोड करेंगे।
इसके अलावा प्रवेश पत्र में जिन अभ्यर्थियों की फोटो स्पष्ट नहीं होगी उन्हें प्रवेश परीक्षा के दौरान दो फोटो लेकर केंद्र पर जाना होगा। फोटो वही होगी जो ऑनलाइन फॉर्म भरते वक्त प्रयुक्त की गई थी। एक फोटो उन्हें प्रवेश पत्र पर चस्पा करनी होगी तो दूसरी फोटो सत्यापन फॉर्म पर चिपका कर केंद्र अधीक्षक से सत्यापित करानी होगी। सचिव ने बताया कि प्रवेश परीक्षा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।