UGC (यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन) ने देशभर के कॉलेजों और यूनिवर्सिटी के छात्रों से निवेदन किया है कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 11 सितंबर को दिए जाने वाले भाषण को जरूर सुनें। पीएम का ये भाषण Young lndia, New lndia- A Resurgent Nation: from Sankalp to Sidhhi थीम पर आधारित है।
खबर है कि सभी शिक्षण संस्थानों से कहा गया है कि वे अध्यापक और छात्रों के लिए पर्याप्त इंतजाम करें ताकि सभी लोग मोदी की स्पीच को अच्छे से सुन सकें। इसके लिए संस्थान में ऑडियो-विजुअल रूम और ऑडिटोरियम तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ये भी कहा गया है कि टीवी या प्रोजेक्शन की सुविधा ऐसी की जाए जिससे उसे ज्यादा से ज्यादा लोग एकसाथ देख सकें। साथ ही कार्यक्रम से संबंधित सभी जानकारी कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर पहले ही लगा दी जाए जिससे सभी छात्रों तक ये बात पहुंच सके।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बात को लेकर कॉलेजों को जो सर्कुलर जारी किया गया है, उसमें साफ-साफ लिखा गया है कि प्रधानमंत्री स्वामी विवेकानंद की सीखों के बारे में जो कुछ कहेंगे, उसे जानना छात्रों के लिए बहुत आवश्यक है। इससे उन्हें एजुकेशनल, करियर और आध्यात्मिक ग्रोथ में मदद मिलेगी।