तकनीकी शिक्षा और विवि की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए लगातार नए प्रयोग कर रहे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) प्रशासन ने एक और नया सफल प्रयोग किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन सूबे के 134 केंद्रों के साथ-साथ ताइवान में भी एक केंद्र पर बीटेक की एक छात्रा की सेमेस्टर परीक्षा करा रहा है।
नेशनल चिआओ तुंग यूनिवर्सिटी, ताइवान के साथ हुए अनुबंध के बाद विवि से संबद्ध कॉलेज, गलगोटिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, ग्रेटर नोएडा की छात्रा शिफी सिंह वहां 6 महीने की इंटर्नशिप कर रही है। जनवरी से शुरू हुई इंटर्नशिप जून मध्य तक चलेगी। शिफी बीटेक अंतिम वर्ष की छात्रा है। 12 मई से विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू हुई हैं और विश्वविद्यालय उक्त छात्रा का पेपर ताइवान में करा रहा है।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. जेपी पांडेय ने बताया कि जिस दिन छात्रा का पेपर होता है, उस दिन परीक्षा के निर्धारित समय से थोड़ा पहले ताइवान की उक्त यूनिवर्सिटी स्थित केंद्र को ऑनलाइन पेपर-कॉपी भेजी जाती है। वह इसका प्रिंट लेकर छात्रा को देते हैं। छात्रा की परीक्षा के लिए वहां के हेड ऑफ डिपार्टमेंट को सेंटर सुपरीटेंडेंट बनाया गया है। उनके द्वारा तीन शिक्षकों का पैनल बनाया गया है।
छात्रा इन शिक्षकों और सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा देती है। ताइवान की यूनिवर्सिटी पेपर खत्म होने के बाद उसी दिन इसकी क्लिपिंग और परीक्षा की कॉपी ऑनलाइन विवि को भेजती है। छात्रा के अब तक दो पेपर हो चुके हैं।