नौकरी पाने के दौर में लोग कई कई इंटरव्यू देते हैं। कई बार केवल इंटरव्यू के चलते सही उम्मीदवार नौकरी नहीं पा पाते। आखिर क्या हैं वो सवाल जो हर इंटरव्यू में पूछे जाते हैं।
कुछ ऐसे ही सवालों के जवाब जो हर प्रत्याशी से पूछे जाते हैं, अगर पहले से तैयार कर लिए जाएं तो आप इंटरव्यू में फेल नहीं होंगे और नौकरी आपके हाथ में होगी।
दरअसल नौकरी पाने के लिए लिखित परीक्षा के अलावा इंटरव्यू में सफल होना भी आवश्यक है। ऐसे में विषय संबंधी तैयारी तो करें, साथ ही अपना सामान्य ज्ञान भी दुरुस्त रखें। इसके अलावा कुछ ऐसे आम प्रश्न भी हैं, जिनका बेहतरीन जवाब आपको इंटरव्यू में सफल बनाएगा। कुछ ऐसे ही प्रश्न हैं :
प्रश्न 1. आपकी दिलचस्पी इस नौकरी में क्यों है?
प्रश्न 2. अपने बारे में कुछ जानकारी दें?
प्रश्न 3. क्या आपने अपना लक्ष्य निर्धारित किया है?
प्रश्न 4. योजना बनाकर काम करने में आपका कितना यकीन है?
प्रश्न 5. अपनी कमजोरियों के बारे में बताएं?
प्रश्न 6. आपके जीवन में सबसे चैलेंजिंग काम क्या था?
प्रश्न 7. अपनी नियोक्ता कंपनी के बारे में आपकी जानकारी कितनी दुरुस्त है?
सवालों की तैयारी के लिए टिप्स
1. इस प्रश्न से नियोक्ता यह जानने की कोशिश करता है कि आप अपने भविष्य के लिए क्या सोचते हैं और साथ ही कंपनी की बेहतरी के लिए आप क्या योगदान दे सकते हैं।
2. इस सवाल के माध्यम से आपके अनुभव, योग्यता आदि के बारे में जानने की कोशिश की जाती है।
3. आप जॉब के दौरान दिए गए अपने दायित्वों को तत्परता के साथ समय पर पूरा करने में सक्षम हो सकेंगे या नहीं, इस प्रश्न से यह आकलन किया जाता है।
4. सुनियोजित ढंग से कार्य करने से संबंधित आपकी सोच का आकलन इस प्रश्न के माध्यम से किया जाता है। साथ ही आपके कार्य करने के तरीकों का भी अनुमान लगाया जाता है।
5. आप कितना सच बोलते हैं, इस प्रश्न से यह पता लगाने का प्रयत्न जाता है। इसके अलावा उन कमजोरियों को दूर करने के लिए आपकी कोशिश के बारे में भी पता लगाने का प्रयत्न किया जाता है।
6. नई परियोजना को सफलता की ओर ले जाने और विपरीत परिस्थितियों में भी बेहतर रिजल्ट देने में आप कितने सक्षम हैं, इसकी जांच-परख करना ही इस प्रश्न का मुख्य उद्देश्य है।
7. कंपनी के प्रति आपकी दिलचस्पी का पता लगाने के लिए यह प्रश्न पूछा जाता है। इससे संबंधित सकारात्मक जवाब से नियोक्ता का विश्वास आपमें बढ़ता है।