समर इंटर्नशिप से प्री-प्लेसमेंट ऑफर तक का सफर
एडवर्ड को यह ऑफर दो महीने की समर इंटर्नशिप के बाद प्री-प्लेसमेंट ऑफर के रूप में मिला। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने एक अन्य इंटर्न को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्लेसमेंट सीजन में ऑप्टिवर ही वह एकमात्र कंपनी थी, जिसके लिए एडवर्ड ने इंटरव्यू दिया।
अपनी सफलता का श्रेय देते हुए एडवर्ड ने आईआईटी टैग, लचीले पाठ्यक्रम और पहले वर्ष से ही कोडिंग व कंपेटिटिव प्रोग्रामिंग पर मजबूत फोकस को अहम कारण बताया।
जेईई मेन में 1100, तो कैट में 120 थी ऑल इंडिया रैंक
एडवर्ड नाथन वर्गीज का जन्म और पालन-पोषण हैदराबाद में हुआ, जबकि उन्होंने कक्षा 7 से 12वीं तक की पढ़ाई बेंगलुरु से की। उन्होंने वर्ष 2022 में जेईई मेन में एआईआर 1100 और जेईई एडवांस्ड में एआईआप 558 रैंक हासिल की थी। इसके अलावा वर्ष 2025 की कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) परीक्षा में उन्होंने 99.96 पर्सेंटाइल स्कोर किया और ऑल इंडिया रैंक 120 प्राप्त की।
करियर सर्विसेज ऑफिस में निभाई अहम भूमिका
एडवर्ड का योगदान केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहा। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, वह आईआईटी हैदराबाद के ऑफिस ऑफ करियर सर्विसेज में ओवरऑल हेड के रूप में कार्य कर चुके हैं। इस भूमिका में उन्होंने आठ स्टूडेंट मैनेजर्स और लगभग 250 कोऑर्डिनेटर्स की टीम का नेतृत्व किया, जो प्लेसमेंट और इंटर्नशिप प्रक्रियाओं से जुड़ी थी। इससे पहले वह करीब 11 महीने तक इंटर्नशिप सेल कोऑर्डिनेटर भी रहे।
एल्गोरिद्म से फाइनेंस तक फैला है रुचियों का दायरा
अपनी रुचियों को लेकर एडवर्ड कहते हैं कि उनका झुकाव एल्गोरिद्म, कंपेटिटिव प्रोग्रामिंग, फाइनेंस और मैनेजमेंट की ओर है। वह इन क्षेत्रों को गहराई से समझने और समान रुचि रखने वाले लोगों से जुड़ने के इच्छुक हैं।
'किस्मत से मिली नौकरी'
वर्गीज ने कहा कि मुझे पता था कि IIT का नाम कंपनियों को हमारे कैंपस की ओर आकर्षित करेगा और मौजूदा नौकरी बाजार का असर कम से कम होगा। साथ ही, इंजीनियरिंग के पहले साल से ही मैं कॉम्पिटिटिव प्रोग्रामिंग में था और देश के टॉप 100 में शामिल था। इससे भी मुझे इंटरव्यू क्रैक करने में मदद मिली, साथ ही हमारे पाठ्यक्रम ने भी हमें कई तरह के कोर्स करने का विकल्प दिया। मुझे PPO (पेशेवर ऑफर) मिलना मेरी किस्मत थी।
आईआईटी हैदराबाद के पुराने रिकॉर्ड टूटे
अब तक आईआईटी हैदराबाद में सबसे अधिक पैकेज 2017 में 1.1 करोड़ रुपये का रहा था। वहीं 2023-24 में अधिकतम पैकेज 90 लाख रुपये और 2024-25 में 66 लाख रुपये दर्ज किया गया था। एडवर्ड का 2.5 करोड़ रुपये का ऑफर इन सभी आंकड़ों को पीछे छोड़ते हुए संस्थान के इतिहास में मील का पत्थर बन गया है।