राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने बुधवार को तारिक मंसूर को अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी का नया वाइस चांसलर नियुक्त किया है। इससे पहले मंसूर यूनिवर्सिटी के ही जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल के रूप में कार्यरत थे।
तारिक मंसूर एएमयू के मौजूदा वीसी लेफ्टिनेंन्ट जनरल जमीरुद्दीन शाह की जगह लेंगे। जमीरुद्दीन शाह 17 मई को सेवा निवृत्त होने वाले हैं जिसके बाद तारिक मंसूर यूनिवर्सिटी का कार्यभार देखेंगे। तारिक पिछले 35 सालों से यूनिवर्सिटी में कार्यरत हैं।
इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के मुताबिक तारिक ने कहा कि, "मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और न ही इस बाबत मुझे कोई सरकारी आदेश ही मिला है। "
मनसूर का चयन तीन लोगों की लिस्ट में से किया गया था जो कि यूनिवर्सिटी ने 2 महीने पहले यूनियन एचआरडी मिनिस्ट्री को भेजा था। तारिक मंसूर के अलावा अबु सलेह शैरिफ, एग्जीक्यूटिव प्रोफेसर और चीफ स्कॉलर, यूएस-इंडिया पॉलिसी इंस्टीट्यूट, वाशिंगटन और शाहिद जमील, सीईओ, वेलकम ट्रस्ट एंड डीबीटी इंडिया एलायंस का नाम लिस्ट में मौजूद था।
पदभार ग्रहण करने के बाद उनका पहला काम होगा यूनिवर्सिटी के अकादमिक, रिसर्च, फाइंनेंसियल,और इंफ्रास्ट्रक्चर ऑडिट को पूरा करवाना।