AICTE-Mitacs Internship Program: इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी और आर्किटेक्चर पाठ्यक्रमों के 300 स्नातक छात्रों को हर साल कनाडा में 12 हफ्तों की पूर्णतः वित्तपोषित शोध इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा। एआईसीटीई और मिटैक्स ग्लोबलिंक रिसर्च इंटर्नशिप (जीआरआई) के तहत 2027 से अगले तीन वर्षों तक भारतीय छात्र कनाडा के प्रमुख विश्वविद्यालयों में शोध कर सकेंगे। यह इंटर्नशिप मई से अक्तूबर के बीच आयोजित की जाएगी।
अंग्रेजी या फ्रेंच भाषा का ज्ञान होना आवश्यक जीआरआई
2027 कार्यक्रम के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 16 सितंबर तय की गई है। एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रोफेसर योगेश सिंह ने बताया कि आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए और उसका किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी को अंग्रेजी या फ्रेंच भाषा का ज्ञान होना आवश्यक है।
मार्च में हुआ था समझौता
मार्च में कनाडा के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के दौरान शिक्षा, अनुसंधान सहयोग और प्रतिभा गतिशीलता पर द्विपक्षीय समझौता हुआ था। इसी के तहत इस जीआरआई कार्यक्रम का विस्तार किया गया। सरकार की रिपोर्ट के अनुसार, उच्च शिक्षा के लिए कनाडा भारतीय छात्रों का पसंदीदा देश बना हुआ है, जहां वर्ष 2024 में 4,27,000 भारतीय छात्र गए थे।