डिजाइन की दुनिया
अच्छी डिजाइनिंग करना एक ऐसा कौशल है, जिसकी मांग कभी खत्म नहीं होगी। तो अगर आपके अंदर रचनात्मकता कूट-कूट कर भरी है, तो आप यूएक्स/यूआई, ग्राफिक्स, फैशन और इंटीरियर डिजाइनिंग जैसे विकल्पों का चयन कर सकती हैं। इनसे जुड़े कोर्सेज के जरिये आप एप्स और वेवसाइट्स को सुंदर और इस्तेमाल में आसान बनाने का हुनर सीखती हैं। इसके लिए आप बैचलर ऑफ डिजाइन (बीडीएस) या डिजाइनिंग से जुड़े डिप्लोमा, डिग्री अथवा सर्टिफिकेट कोर्स कर सकती हैं।
डाटा साइंस और एनालिटिक्स
डाटा साइंस और एनालिटिक्स कोर्स में आप सीखेंगी कि डाटा को कैसे समझा जाए, उससे क्या काम की जानकारी निकालनी है और कंपनियों को बेहतर फैसले लेने में उनका कैसे इस्तेमाल करना है। हर कंपनी को डाटा को समझने वाले एक्सपर्ट चाहिए, ताकि वे ग्राहकों को समझ सकें और अपने बिजनेस को बढ़ा सकें। ऐसे में, इसका ज्ञान रखने वालों के पास रोजगार की कमी नहीं होने वाली। आप बीएससी इन डाटा साइंस या इससे जुड़े अन्य कोर्स कर सकती हैं। गणित में रुचि होना इसमें फायदेमंद होता है।
एनएफएसयू के अनोखे कोर्स
विज्ञान और छानबीन में दिलचस्पी रखने वाली छात्राओं के लिए नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू) के कोर्स बेहतरीन विकल्प हैं। ये क्राइम और डिजिटल वर्ल्ड की गुत्थियों को सुलझाने से जुड़े हैं। यहां से आप फॉरेंसिक साइंस, साइबर सिक्योरिटी या डिजिटल फोरेंसिक जैसे क्षेत्रों में बीएससी या बीटेक जैसे कोर्स कर सकती हैं।