कैंब्रिज विश्वविद्यालय वैश्विक कोरोना महामारी की वजह से 2021 की गर्मियों तक छात्रों के लिए सभी व्याख्यान ऑनलाइन आयोजित करेगा। आपको बता दें कि कैंब्रिज विश्वविद्यालय दुनिया का पहला ऐसा विश्वविद्यालय है जिसने कोरोना महामारी के चलते ऑफलाइन कक्षाओं को इतनी लंबी अवधि के लिए ऑनलाइन स्विच कर दिया है। विश्वविद्यालय ने लगभग एक साल के लिए सभी व्याख्यानों को ऑनलाइन कराने का फैसला लिया है। कैंब्रिज विश्वविद्यालय में इस साल नया सत्र छह अक्टूबर से शुरू होगा।
कैंब्रिज विश्वविद्यालय में कोरोना महामारी की वजह से छह अक्टूबर से लेकर अगले साल गर्मियों तक सभी लेक्चर ऑनलाइन होंगे। अगर विश्वविद्यालय में शिक्षकों का कोई छोटा समूह कक्षाएं लेगा भी तो सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।
'द गार्जियन' से बात करते हुए विश्वविद्यालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि इस वैश्विक महामारी की वजह से जो परिस्थियां बदली हैं उसके हिसाब से विश्वविद्यालय ने भी सलाह स्वीकार की हैं। इसी के चलते विश्वविद्यालय ने निर्णय लिया है कि अगले शैक्षणिक सत्र तक कोई भी फेस टू फेस लेक्चर नहीं होगा। सभी लेक्चर ऑनलाइन होंगे। अगर कोई लेक्चर ऑफलाइन होगा भी तो उसमें सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।