बिहार बोर्ड की 12वीं की परीक्षा दे चुके विद्यार्थी ध्यान दें, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की ओर से कक्षा 12वीं बोर्ड यानी इंटरमीडिएट के लिए कंपार्टमेंट परीक्षा- 2021 के लिए आवेदन तिथि आगे बढ़ा दी है। अब आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल, 2021 तक चलेगी। बता दें कि आवेदन प्रक्रिया पांच अप्रैल, 2021 को शुरू हुई थी। पहले परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल, 2021 थी। बीएसईबी द्वारा कक्षा 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा को 29 अप्रैल, 2021 से 10 मई, 2021 तक आयोजित की जाएगी।
बिहार बोर्ड की ओर ट्विटर पर जानकारी देते हुए कहा कि कक्षा 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए छात्रों का परीक्षा फॉर्म आधिकारिक वेबसाइट seniorsecondary.biharboardonline.com पर स्कूल के प्रधानाचार्यों द्वारा ऑनलाइन भरे जा सकते हैं। आवेदन के लिए अंतिम तिथि 15 अप्रैल, 2021 रखी गई है, वहीं आवेदन शुल्क का भुगतान 20 अप्रैल 2021 तक कर सकेंगे। जबकि कक्षा 10वीं बोर्ड यानी मैट्रिक के लिए कंपार्टमेंट परीक्षा- 2021 और उत्तर पुस्तिकाओं की स्क्रूटिनी के लिए आवेदन प्रक्रिया 12 अप्रैल, 2021 से शुरू हो गई है। बीएसईबी कक्षा 10वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन की विंडो 16 अप्रैल, 2021 तक खुली रहेगी।
बीएसईबी ने जानकारी दी कि इंटरमीडिएट कंपार्टमेंटल -सह-विशेष परीक्षा, 2021 में सम्मिलित वैसे विद्यार्थी जो किसी एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण हैं, वे कंपार्टमेंटल परीक्षा के लिए फॉर्म भर सकते हैं। साथ ही इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा, 2020 के वैसे विद्यार्थी जो किसी एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण हैं, तो वे दूसरे अवसर के रूप में कंपार्टमेंटल कोटि में परीक्षा देंगे तथा उसके लिए परीक्षा फॉर्म भरेंगे।
ऑनलाइन परीक्षा आवेदन भरने या परीक्षा शुल्क जमा करने में किसी प्रकार की असुविधा होने पर समिति के हेल्पलाइन नंबर 0612-2230039 पर संपर्क किया जा सकता है। बिहार बोर्ड द्वारा कक्षा 12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा के परिणाम मई, 2021 में घोषित किए जा सकते हैं। बीएसईबी ने 26 मार्च को ही कक्षा 12वीं बोर्ड के परिणाम घोषित किए थे। 13.4 लाख छात्रों में से 2,94,317 छात्र फेल हो गए थे।