Bihar Simultala Admission: बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने सिमुलतला आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2027-28 (कक्षा 6) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभिभावक 28 अगस्त 2026 तक अपने बच्चे का ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जो अभिभावक अपने बच्चों का सिमुलतला आवासीय विद्यालय में दाखिला कराना चाहते हैं, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्र का किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत या उत्तीर्ण होना जरूरी है। छात्र की आयु न्यूनतम 10 वर्ष और अधिकतम 12 वर्ष होनी चाहिए। इसके साथ ही छात्र का बिहार राज्य का मूल निवासी होना अनिवार्य है।
प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा में कुल 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी। परीक्षा की अवधि 2 घंटे 30 मिनट निर्धारित की गई है। गलत उत्तर के लिए किसी तरह की नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही मुख्य प्रवेश परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
मुख्य प्रवेश परीक्षा का आयोजन पटना जिला मुख्यालय के परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 1:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित होगी। दोनों पालियों की अवधि 2 घंटे 30 मिनट होगी।
| वर्ग | आवेदन शुल्क |
|---|---|
| अनारक्षित, EWS, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और पिछड़ा वर्ग | 200 रुपये |
| एससी और एसटी | 50 रुपये |