Bihar ITICAT Counselling 2025: बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) ने आईटीआई प्रतियोगी प्रवेश परीक्षा 2025 की राउंड 2 सीट आवंटन प्रक्रिया को "अपरिहार्य तकनीकी कारणों" के चलते रद्द कर दिया है। इसके साथ ही 17 से 19 अगस्त तक प्रस्तावित डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन और एडमिशन प्रक्रिया को भी फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया गया है।
BCECEB की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आईटीआईसीएटी 2025 के राउंड 2 की संशोधित तारीखें आधिकारिक वेबसाइट bceceboard.bihar.gov.in पर जल्द साझा की जाएंगी। साथ ही, राउंड 2 के लिए नई सीट आवंटन सूची भी जारी की जाएगी।
अब क्या करना है अभ्यर्थियों को?
रिवाइज्ड सीट अलॉटमेंट लिस्ट जारी होने के बाद, चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रोविजनल अलॉटमेंट ऑर्डर डाउनलोड करना होगा। यह ऑर्डर और चॉइस स्लिप को रिपोर्टिंग सेंटर या नोडल सेंटर पर डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन के समय प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
सीट अपग्रेडेशन और एडमिशन गाइडलाइंस
यदि किसी अभ्यर्थी की सीट राउंड 2 में अपग्रेड होती है, तो उसे राउंड 1 में प्राप्त डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन स्लिप साथ लानी होगी। यदि सीट में कोई बदलाव नहीं होता और पहले से आवंटित सीट बरकरार रहती है, तो उम्मीदवार को उस पर एडमिशन लेना अनिवार्य है, अन्यथा वह सीट खाली घोषित कर दी जाएगी।
आरक्षण नीति और जिलेवार सीट वितरण
BCECEB के आईटीआईसीएटी 2025 गाइडलाइंस के अनुसार, ITI संस्थानों में 75% सीटें संबंधित जिले के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित हैं। बाकी 25% सीटों पर राज्य के किसी भी जिले से अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। वहीं, महिला ITI संस्थानों में जिले की कोई बाध्यता नहीं है।
15 जून को हुई थी परीक्षा
बिहार सरकार के बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद द्वारा आयोजित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान प्रतियोगिता प्रवेश परीक्षा (I.T.I.C.A.T.)-2025 का आयोजन 15.06.2025 को राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक किया गया था। इस परीक्षा का परिणाम प्रकाशित किया जा चुका है।