Bihar Board Inter Admission 2025: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इंटर (कक्षा 11) में दाखिला लेने वाले छात्रों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत कर दी है। सत्र 2025-27 में नामांकन कराने वाले इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सभी छात्र 21 सितंबर 2025 तक पंजीकरण करवा लें, क्योंकि इसके बाद किसी भी प्रकार के संशोधन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
विद्यालय के प्रधान biharboardexam.com पर जाकर पंजीकरण फॉर्म डाउनलोड करेंगे और छात्रों को इसकी दो प्रतियां उपलब्ध कराएंगे। विद्यार्थियों को फॉर्म सावधानीपूर्वक भरकर हस्ताक्षर करने होंगे, जिनमें से एक प्रति विद्यालय के प्रधान के पास जमा की जाएगी और दूसरी प्रति मुहर व हस्ताक्षर के साथ छात्र को दी जाएगी। यह प्रक्रिया नामांकन की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अनिवार्य है।
पंजीकरण प्रक्रिया और अंतिम तिथियां
समिति ने स्पष्ट किया है कि केवल निर्धारित सीटों के अनुसार नियमित और स्वतंत्र कोटि के योग्य छात्रों का ही नामांकन होगा। किसी भी तरह की गलती या त्रुटि की अनुमति बाद में नहीं दी जाएगी।
- विद्यालय के प्रधान छात्र को दो प्रति में आवेदन फॉर्म देंगे।
- छात्र द्वारा भरे गए और हस्ताक्षरित आवेदन फॉर्म की एक प्रति विद्यालय प्रधान के पास जमा होगी और दूसरी प्रति हस्ताक्षर व मुहर के साथ छात्र को दी जाएगी।
- यदि किसी छात्र का शुल्क 21 सितंबर तक जमा हो जाता है, तो उसका ऑनलाइन आवेदन 24 सितंबर 2025 तक भरा जाएगा।
- विलंब से पंजीकरण कराने वाले छात्र भी 24 सितंबर तक आवेदन पूरा कर सकेंगे।
व्यावसायिक कोर्स का भी मिलेगा विकल्प
बोर्ड ने जानकारी दी है कि विद्यार्थी पारंपरिक विषयों (विज्ञान, वाणिज्य, कला) के अलावा व्यावसायिक ट्रेड भी चुन सकते हैं। इसमें सुरक्षा, ब्यूटीशियन, टूरिज्म, रिटेल मैनेजमेंट, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर, ब्यूटी एंड वेलनेस, टेलीकॉम और आईटी जैसे विकल्प उपलब्ध हैं।
इन व्यावसायिक कोर्स को विद्यार्थी अनिवार्य, ऐच्छिक या अतिरिक्त विषय के रूप में चुन सकते हैं। बोर्ड ने यह भी बताया कि इन विषयों की परीक्षा 2027 में अनिवार्य और अतिरिक्त विषय के तौर पर आयोजित की जाएगी।