LMNU Darbhanga Bihar BEd Shiksha Shastri CET Result: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LMNU), दरभंगा की ओर से बिहार बीएड सीईटी (Bihar BEd CET) और शिक्षा शास्त्री (Shiksha Shastri) प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। एलएमएनयू ने रिजल्ट के लिए निर्धारित तिथि 21 जुलाई से दो दिन पूर्व 19 जुलाई को ही परिणाम जारी कर सबको चौंका दिया है।
छह जुलाई को आयोजित प्रवेश परीक्षा में शामिल 1,68,382 उम्मीदवारों में से 1,47,525 यानी 87.61 फीसदी ने सफलता प्राप्त की है। परीक्षा के लिए राज्य के 11 शहरों में कुल 325 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा के लिए 1,91,929 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इससे पहले परीक्षा 23 जून को निर्धारित थी, जिसे अपरिहार्य कारणों से टाल दिया गया था।
Bihar BEd CET Result: एलएमएनयू के कुलपति ने जारी किया रिजल्ट
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा बिहार बीएड सीईटी परीक्षा राज्य भर के बीएड कॉलेजों और संस्कृत विषय के लिए शिक्षा शास्त्री के लिए पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पात्रता परीक्षा के तौर पर आयोजित की जाती है। बीएड सीईटी 2022 के लिए स्टेट नोडल एजेंसी ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LMNU), दरभंगा के कुलपति प्रोफेसर एसपी सिंह ने मंगलवार को दो वर्षीय बीएड एवं शिक्षा शास्त्री प्रवेश पात्रता परीक्षा का रिजल्ट जारी किया।
Bihar BEd CET Result: जयशंकर, रुपाली, दीपक और कौशिकी रहे टॉपर
जहां बीएड परीक्षा में 97 अंकों के साथ समस्तीपुर जिले के महथी गांव निवासी जयशंकर कुमार और महिला वर्ग में 93 अंकों के साथ मधेपुरा की रुपाली कुमारी ने पूरे राज्य में टॉप किया है। जबकि शिक्षा शास्त्री प्रवेश परीक्षा में दीपक पटेल स्टेट टॉपर बने हैं, वहीं, महिला वर्ग में कौशिकी कुमारी ने राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है।
शिक्षा शास्त्री में 68.25 फीसदी उम्मीदवार सफल रहे
जबकि, शिक्षा शास्त्री में 211 उम्मीदवार शामिल हुए थे, इनमें से 144 यानी 68.25 फीसदी उम्मीदवारों ने सफलता प्राप्त की है। परीक्षा के समन्वयक स्टेट नोडल अधिकारी प्रोफेसर अशोक कुमार मेहता ने बताया कि रिजल्ट एवं उपलब्ध सीट के अनुसार औसतन एक सीट पर नामांकन के लिए चार दावेदार होंगे।
Bihar BEd CET Result: अभ्यर्थी ऐसे देख सकते हैं अपना रिजल्ट
- बिहार सीईटी बीएड रिजल्ट 2022 की जांच के लिए की आधिकारिक वेबसाइट biharcetbed-lnmu.in/ पर जाएं।
- होम पेज पर उपलब्ध लिंक 'Bihar B.Ed. Common Entrance Test (CET-BED)-2022 Result' पर क्लिक करें।
- लॉग इन करने के लिए एक पॉप-अप विंडो पर रोल नंबर और जन्म तिथि दर्ज करें।
- बिहार बीएड सीईटी रिजल्ट 2022 की जांच करें और डाउनलोड करें।
- रिजल्ट का प्रिंट आउट लें और भविष्य के संदर्भ के लिए इसे सुरक्षित रखें।