बनारस हिंदी विश्वविद्यालय, BHU
- फोटो : X (@bhupro)
BHU UG Round 1 Allotment Result 2025: बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब विश्वविद्यालय ने सीट आवंटन की तैयारी भी पूरी कर ली है। जारी शेड्यूल के अनुसार, राउंड 1 का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 8 अगस्त 2025 को जारी किया जाएगा। साथ ही, उसी दिन शाम तक विभिन्न यूजी कोर्स और विषय संयोजनों के कटऑफ मार्क्स भी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। उम्मीदवार वेबसाइट पर लॉगिन करके अपना रिजल्ट और कटऑफ देख सकेंगे।
BHU UG Admission 2025: 28 अगस्त से शुरू होंगी कक्षाएं
बीएचयू में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीट आवंटन प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जाएगी। यह प्रक्रिया 8 अगस्त से 18 अगस्त 2025 तक चलेगी। इस दौरान हर राउंड में सीटों का आवंटन किया जाएगा और साथ ही फीस जमा करने का लिंक और संबंधित कोर्स की कटऑफ लिस्ट भी जारी की जाएगी। पहले राउंड का सीट आवंटन 8 अगस्त, दूसरे राउंड का 11 अगस्त, तीसरे राउंड का 14 अगस्त और चौथे राउंड का 18 अगस्त से शुरू होगा।
सीट आवंटन की पूरी प्रक्रिया के बाद, जिन छात्रों को प्रवेश मिला है, उन्हें 25 अगस्त 2025 को संबंधित विभागों में रिपोर्ट करना होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, 28 अगस्त से सभी यूजी कोर्स की नियमित कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे समय पर सभी दस्तावेजों और फीस के साथ रिपोर्ट करें ताकि उनकी उपस्थिति और कक्षाओं में कोई बाधा न आए।
प्रैक्टिकल कोर्स की परीक्षाएं 13 से 16 अगस्त तक
BHU में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 2 अगस्त 2025 कर दी गई थी। वहीं, 4 और 5 अगस्त को उम्मीदवारों को अपने आवेदन में सुधार करने का मौका भी दिया गया। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं।
इन कोर्सों में दाखिले के लिए 13 से लेकर 16 अगस्त 2025 तक प्रैक्टिकल परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इस दौरान पंजीकृत अभ्यर्थियों को BHU कैंपस और संबंधित विभागों में निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा।