आज से शुरू होने वाली थी रिपोर्टिंग प्रक्रिया
एमबीबीएस और बीडीएस सीटों पर प्रवेश के लिए पहले राउंड का सीट आवंटन परिणाम हाल ही में जारी किया गया था। आवंटित संस्थानों में रिपोर्ट करने की प्रक्रिया आज, 26 अगस्त से शुरू होने वाली थी। हालांकि, बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड के ताजा नोटिस के मुताबिक, रिपोर्ट करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया गया है।
आधिकारिक वेबसाइट पर लिखा है, "अपरिहार्य कारणों से, यूजीएमएसी-2025 के पहले दौर के दस्तावेज सत्यापन में देरी हो रही है। संबंधित संस्थानों और उम्मीदवारों से अनुरोध है कि वे आगे की सूचना के लिए बोर्ड की वेबसाइट के संपर्क में रहें।"
इस कॉलेज के लिए सीट आवंटन में हुई गड़बड़ी
ताजा नोटिस 26 अगस्त 2025 को जारी किया गया है, जिसमें बीवीसी (बिहार वेटरनरी कॉलेज), पटना के सेल्फ फाइनेंस सीटों के आवंटन में तकनीकी गड़बड़ी की जानकारी दी गई है। पहले 24 अगस्त 2025 को प्रकाशित सीट आवंटन परिणाम को रद्द कर दिया गया है, जो 26 से 28 अगस्त 2025 तक दस्तावेज सत्यापन के लिए था।
नोटिस के अनुसार, सेल्फ फाइनेंस सीटों के आवंटन में हुई त्रुटि के कारण बीवीसी, पटना की सीट आवंटन प्रक्रिया को रद्द किया गया है। जिन उम्मीदवारों को इन सीटों पर आवंटन मिला था, उन्हें अब दस्तावेज सत्यापन या प्रवेश के लिए रिपोर्ट करने की जरूरत नहीं है। बोर्ड ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन जमा करने वाले उम्मीदवारों को सेल्फ फाइनेंस सीट के लिए नई पसंद भरने का मौका मिलेगा। इसके बाद यूजीएमएसी-2025 के राउंड-2 के लिए काउंसलिंग और सीट आवंटन मेरिट-कम-चॉइस के आधार पर होगा।
नोट करें राउंड-1 का नया कार्यक्रम
आवंटन आदेश डाउनलोड करने की समयसीमा पहले 24 से 28 अगस्त तक निर्धारित थी, जिसे अब 24 से 29 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। वहीं, दस्तावेज सत्यापन अब 27 अगस्त से 29 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। पूर्व में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दस्तावेज सत्यापन आज, यानी 26 अगस्त से शुरू होने वाला था, जिसे पुनर्निधारित करके 27 अगस्त कर दिया गया है।
इसके अलावा, राउंड-1 के अन्य नियम और शर्तें, जो 29 जुलाई 2025 को जारी विज्ञापन में थे, वैसे के वैसे ही लागू रहेंगे। राउंड-1 की काउंसलिंग पूरी होने के बाद राउंड-2 का पूरा कार्यक्रम बोर्ड की वेबसाइट और अखबारों के माध्यम से जल्द घोषित किया जाएगा।
बोर्ड ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे नियमित रूप से वेबसाइट चेक करें और नवीनतम अपडेट का इंतजार करें। इस बदलाव से मेडिकल, डेंटल, वेटरनरी और अन्य पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।