AUD Student Union: एयूडी छात्र संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रैगिंग के खिलाफ विरोध करने वाले छात्रों को निशाना बनाकर निष्कासन किया गया।
AUD: कश्मीरी गेट स्थित डॉ. बीआर अम्बेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली (AUD) के छात्र संघ ने शुक्रवार को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में मीडिया से बातचीत में विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। छात्र संघ का दावा है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने रैगिंग के खिलाफ विरोध जताने वाले छात्रों को निशाना बनाकर अनुचित और अवैध तरीके से निष्कासित किया है।
विज्ञापन
जून से मौजूदा समय तक चार छात्रों को स्थायी रूप से निष्कासित और दो को दोबारा प्रवेश से वंचित रखा गया है जो छात्र संघ को कमजोर करने की साजिश का हिस्सा है। छात्र संघ के अनुसार, यह कार्रवाई फरवरी में एक स्नातक महिला छात्रा के साथ हुई गंभीर रैगिंग घटना से जुड़ी है जिसके कारण छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास किया।
छात्रों ने प्रशासन की निष्क्रियता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया लेकिन उल्टा उन्हें ही अनुशासनात्मक कार्रवाई का शिकार बनाया गया। ऐसे में उन्होंने मांगे बताई कि छह छात्रों के निष्कासन और दोबारा प्रवेश पर रोक को तुरंत बिना शर्त रद्द किया जाए। साथ ही, एयूडी प्रशासन स्पष्ट, लिखित प्रक्रिया बनाए कि छात्रों पर अनुशासनात्मक जांच और निर्णय कैसे होगा। यही नहीं, यह प्रक्रिया छात्रों और शिक्षकों की भागीदारी से हो।