फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी के अटल आवासीय विद्यालयों में आज से आवेदन शुरू: कक्षा 6 और 9 में मुफ्त पढ़ाई का मौका; कौन भर सकता है आवेदन

Fri, 20 Nov 2026 11:07 AM IST
शिवम तिवारी एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

उत्तर प्रदेश के अटल आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6 और 9 में दाखिले के लिए आज 20 नवंबर 2026 से आवेदन शुरू हो गए हैं। पात्र बच्चे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 5 जनवरी 2027 है। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी को होगी। जानें कौन आवेदन कर सकता है, उम्र की शर्तें क्या हैं और फॉर्म कैसे भरना है।
 
विज्ञापन
Atal Awasiya Vidyalaya Admission - फोटो : AI Generated
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के अटल आवासीय विद्यालयों में पढ़ाई करने का मौका पाने वाले बच्चों के लिए अच्छी खबर है। शैक्षिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6 और 9 में दाखिले के लिए 20 नवंबर 2026 से आवेदन शुरू हो गए हैं। इच्छुक और पात्र बच्चे या उनके अभिभावक 5 जनवरी 2027 तक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके दिए गए हैं। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। प्रवेश पत्र 25 जनवरी को जारी होने की तारीख तय की गई है। अभिभावक आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन पूरा कर लें।

कौन बच्चे दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं?

इन विद्यालयों में मुख्य रूप से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए माता-पिता का 30 अक्टूबर 2026 तक उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का सदस्य बने कम से कम तीन साल पूरे होना जरूरी है। एक श्रमिक परिवार के अधिकतम दो बच्चे ही आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा कोरोना महामारी के कारण अनाथ हुए वे बच्चे भी आवेदन कर सकते हैं, जो महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीकृत हैं। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के पात्र बच्चों को भी दाखिले के लिए आवेदन करने का मौका मिलेगा।

कक्षा 6 और 9 के लिए उम्र कितनी होनी चाहिए?

कक्षा 6 में दाखिले के लिए बच्चे का जन्म 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होना चाहिए। इन दोनों तारीखों को भी उम्र की सीमा में शामिल किया गया है। वहीं, कक्षा 9 में प्रवेश के लिए बच्चे का जन्म 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होना जरूरी है। अभिभावकों को आवेदन करने से पहले बच्चे की जन्मतिथि और बाकी जरूरी शर्तें जांच लेनी चाहिए। अगर बच्चा तय उम्र की सीमा में नहीं आता है तो उसका आवेदन पात्रता के आधार पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए फॉर्म भरते समय जन्मतिथि की जानकारी सही दें।

ऑनलाइन और ऑफलाइन फॉर्म कैसे भरें?

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट upbocw.in पर जाएं। वहां अटल आवासीय विद्यालय कक्षा 6 और 9 प्रवेश परीक्षा 2026-27 के पंजीकरण वाले लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद मांगी गई जानकारी भरकर पंजीकरण करें। पंजीकरण संख्या और पासवर्ड मोबाइल पर संदेश के जरिए आएगा। इनकी मदद से प्रवेश पत्र का आवेदन पूरा करें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करके फॉर्म जमा कर दें। अंत में उसकी एक प्रति निकाल लें। ऑफलाइन आवेदन पत्र खंड शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला श्रम और जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय से सुबह 10 से शाम 5 बजे तक प्राप्त और जमा किए जा सकते हैं।

अटल आवासीय विद्यालय क्या हैं और कहां हैं?

अटल आवासीय विद्यालय उत्तर प्रदेश सरकार की योजना है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, खासकर पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों और अनाथ बच्चों को अच्छी शिक्षा मुफ्त में देना है। इन विद्यालयों का संचालन श्रम विभाग के अधीन उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड और अटल आवासीय विद्यालय समिति करती है। प्रदेश के सभी 18 मंडलों में एक-एक विद्यालय स्थापित किया गया है। इनमें प्रयागराज मंडल का विद्यालय ग्राम बेलहट, तहसील कोरांव में है। इसके अलावा लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, मेरठ, कानपुर, अयोध्या, बरेली, अलीगढ़, मुरादाबाद, झांसी, चित्रकूट, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, विंध्याचल और सहारनपुर मंडल में भी विद्यालय हैं।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें