Assam Paper leaked: असम के बारपेटा में पेपर लीक के आरोपों के बाद असम कक्षा 9वीं की वार्षिक परीक्षा रद्द कर दी गई है। असम माध्यमिक शिक्षा बोर्ड जल्द ही असम के बारपेटा जिले की परीक्षा की नई तारीखें जारी करेगा।
Assam: असम के बारपेटा जिले में गुरुवार को आयोजित होने वाली कक्षा 9 की अंग्रेजी की वार्षिक परीक्षा रद्द कर दी गई, क्योंकि परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर लीक हो गया था।
विज्ञापन
इस घटना के बाद, बारपेटा के स्कूल निरीक्षक रतुल कुमार दास ने जिले के सभी स्कूल प्रमुखों को आदेश जारी कर परीक्षा रद्द करने की जानकारी दी।
उन्होंने आदेश में कहा, "मैं आपको सूचित करना चाहता हूं कि 20 मार्च को होने वाली कक्षा 9वीं की वार्षिक परीक्षा का अंग्रेजी का पेपर अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया जाता है।"
इस बीच, जिला स्तरीय आंतरिक परीक्षा समिति के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें बुधवार शाम को पेपर लीक होने की जानकारी मिली।
उन्होंने कहा, "हमें संदेह है कि प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हम सभी दावों की पुष्टि कर रहे हैं। हम कोई जोखिम नहीं ले सकते और परीक्षा रद्द कर दी है।"