केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद की बुधवार को जारी अटल नवाचार रैकिंग 2021 ( एआरआइआइए ) में आईआईटी मद्रास लगातार तीसरी बार शीर्ष पर रहा। आईआईटी बॉम्बे दूसरे और आईआईटी दिल्ली को तीसरा स्थान हासिल हुआ। नवाचार और उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने वाली इस रैंकिंग के शीर्ष 10 केंद्रीय संस्थानों में सात भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) और भारतीय विज्ञान संस्थान, (आईआईएससी ) बेंगलुरु शामिल हैं।
रैंकिंग में आईआईटी कानपुर चौथे और आईआईटी रुड़की पांचवें पायदान पर रहा। वहीं यूपी का मोतीलाल नेहरू एनआईटी 10वें स्थान पर रहा है। इसके अलावा टॉप 10 की सूची में आईआईटी हैदराबाद सांतवें, आईआईटी खड़गपुर आठवें और एनआईआईटी कालीकट नौंवें स्थान पर रहा। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार ने अटल रैंकिंग ऑफ इंस्टीट्यूशन्स ऑन इनोवेशन एचीवमेंट्स (एआरआईआईए) रैंकिंग 2021 जारी की। उन्होंने उच्च शिक्षण संस्थानों से नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति को विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, संकाय सदस्यों को नवोन्मेषकों तथा लीक से हटकर सोचने वाले विचारकों, समस्याओं के रचनात्मक समाधानकर्ताओं व रोजगार सृजनकर्ताओं के रूप में तैयार करने पर जोर देने की जरूरत है। 2025 तक पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नवोन्मेष को बढ़ावा देने पर जोर देना होगा।
इस आधार पर तैयार हुई रैंकिंग
अटल नवाचार रैंकिंग 2021 को नवाचार, स्टार्ट-अप और छात्रों व संकायों के बीच उद्यमिता विकास से संबंधित संकेतकों के आधार पर तैयार किया गया। विभिन्न श्रेणियों की रैंकिंग में केंद्रीय वित्त पोषित तकनीकी संस्थान (जैसे आईआईटी, एनआईआईटी आदि), राज्य विश्वविद्यालय, राज्य के तकनीकी कालेज, निजी विश्वविद्यालय, निजी तकनीकी कालेज, गैर-तकनीकी सरकारी और निजी संस्थान शामिल हैं। इस वर्ष भागीदारी लगभग दोगुनी होकर 1438 संस्थानों तक पहुंच गई है और यह संख्या पहले संस्करण की तुलना में लगभग चार गुनी है।
पंजाब यूनिवर्सिटी, डीटीयू, एनएसयूटी, चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय को भी जगह
रैंकिंग में स्टेट यूनिवर्सिटी वर्ग मतलब राज्य सरकारों द्वारा संचालित तकनीकी विश्वविद्यालयों की श्रेणी में पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ पहले स्थान पर है। जबकि दिल्ली की दो यूनिवर्सिटी में दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय दूसरे और नेताजी सुभाष तकनीकी विश्वविद्यालय तीसरे स्थान पर है। इसके अलावा हरियाणा की चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय को चौथा स्थान मिला है। इसके अलावा इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इम्पॉर्टेंस (सेंट्रल यूनिवर्सिटी) में इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी का नाम शामिल है।