अन्ना विश्वविद्यालय 22 सितंबर से स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष की परीक्षाओं का आयोजन करेगा। यूजी और पीजी कोर्स की अंतिम वर्ष की परीक्षाओं का आयोजन ऑनलाइन किया जाएगा। छात्र अपने लैपटॉप, डेस्कटॉप, स्मार्टफोन व टैबलेट के जरिए ऑनलाइन परीक्षाएं दे सकते हैं। इसके लिए इंटरनेट की कनेक्टिविटी अच्छी चाहिए। इन परीक्षाओं में थ्योरी कोर्स के लिए रिजल्ट के लिए तीस फीसदी वेटेज होगा।
शेष 50 फीसदी वेटेज प्री फाइनल सेमेस्टर में प्राप्त सीजीपीए और 20 फीसदी वेटेज अंतिम सेमेस्टर में आयोजित आंतरिक मूल्यांकन से प्राप्त अंकों का होगा। विश्वविद्यालय ने परीक्षाओं के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा से दस मिनट पहले लॉग इन करना होगा। परीक्षाओं के लिए तय समय 60 मिनट रखा गया है। अंग्रेजी मीडियम के छात्रों के लिए फाइनल पेपर अंग्रेजी में होंगे और तमिल मीडियम के छात्रों के लिए तमिल व अंग्रेजी में से किसी एक भाषा में होंगे। अगर किसी छात्र को परीक्षाओं के दौरान कोई तकनीकी दिक्कत आती है, तो वह सेशन खत्म होने के बाद भी 15 मिनट ले सकता है।
गौरतलब है कि कोरोना महामारी की वजह से कई विश्वविद्यालयों के यूजी व पीजी पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष की परीक्षाएं ऑनलाइन हो रही हैं। छात्रों को अपने प्रश्नपत्र स्कैन कर अपलोड करने होंगे। इस साल कोरोना महामारी की वजह से अभी तक स्कूल, कॉलेज व विश्वविद्यालय बंद हैं। अनलॉक 4.0 के तहत 21 सितंबर से कई राज्यों में नौवीं से लेकर बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए शिक्षकों से परामर्श लेने के लिए स्कूलों को खोला गया है।