परेशानी लेकर डीन स्टूडेंड वेलफेयर पहुंचे छात्र :
दाखिला रद्द होने पर तीन छात्र कल्याण, ए विजय व आर विजय परेशानी लेकर डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय पहुंचे। उनका कहना था कि अंकों के आधार पर दाखिला होने से उनके अंक कम हो रहे हैं, जिससे दाखिला रद्द हो गया। दाखिला रद्द कराने की फीस का भुगतान भी उन्हें ही करना है। उन्होंने सवाल किया कि सरकार उनका सहयोग नहीं कर रही है।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर का कहना :
डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो राजीव गुप्ता ने कहा कि छात्रों को शिक्षा बोर्ड से अंकों के आधार पर मार्कशीट जारी करने का पत्र मिला है। ग्रेड के आधार पर दाखिला देने से एक विशेष राज्य के विद्यार्थियों का दाखिला ही कॉलेजों में हो रहा था। इससे वास्तविक लाभार्थी दाखिले से वंचित हो रहे थे।
कुलपति और डीन ने उपराष्ट्रपति से की मुलाकात :
डीयू के स्नातक पाठ्यक्रमों में आंध्र बोर्ड के विद्यार्थियों की परेशानी का मामला उपराष्ट्रपति कार्यालय पहुंच गया। मंगलवार को डीयू के कुलपति योगेश कुमार त्यागी और डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो राजीव गुप्ता ने उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू से मुलाकात की। उन्हें जानकारी दी गई कि ग्रेड को अंकों में परिवर्तित करने से परेशानी थी, जिस कारण अब शिक्षा बोर्ड अंकों के आधार पर ही अंकतालिका जारी कर रहा है।
देर रात कॉलेजों को सूचना भेजने पर उठे सवाल :
आंध्र प्रदेश शिक्षा बोर्ड के विद्यार्थियों से संबंधित सूचना देर रात कॉलेजों को भेजी गई। सवाल उठ रहा है कि डीयू ने सब इतना गुपचुप क्यों किया। कहा जा रहा है कि यदि नया नियम इतनी देर से लाया गया तो विद्यार्थियों तक उसकी जानकारी कैसे पहुंचेगी? कॉलेजों का कहना है कि आंध्र बोर्ड के विद्यार्थियों की अंकतालिका ग्रेड में हैं, इन्हें अंकों में बदलने को लेकर डीयू के दिशा-निर्देश काफी देरी से मिली।