पंजाब में विश्वविद्यालय और कॉलेज की सभी परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। ये जानकारी राज्य के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शनिवार को दी है। ये परीक्षाएं कोरोना संकट के कारण राज्य में उत्पन्न हुई परिस्थिति को देखते हुई रद्द की गई हैं। हालांकि, कुछ विश्वविद्यालयों द्वारा आयोजित की जा रही ऑनलाइन परीक्षा जारी रहेगी।
बता दें कि सीएम ने अपने साप्ताहिक 'आस्ककैप्टेन' फेसबुक लाइव में घोषणा की कि छात्रों को उनके पिछले वर्षों के परिणामों के आधार पर पदोन्नत किया जाएगा और जो लोग परीक्षा देना चाहते हैं उन्हें बाद में परीक्षा देने का विकल्प दिया जाएगा।
साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय और कॉलेज अगले कुछ हफ्तों तक इस फैसले पर काम करेंगे। स्कूलों की बोर्ड परीक्षाओं पर उन्होंने कहा कि राज्य कुछ दिनों पहले सुप्रीम कोर्ट में घोषित सीबीएसई के फैसले का पालन कर रहा है। इसी के साथ पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) ने सीएम की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह यूजीसी के दिशानिर्देशों का इंतजार कर रहा है। विश्वविद्यालय ने पंजाब के सीएम द्वारा लिए गए फैसले के आधार पर परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की है। हालांकि, विश्वविद्यालय लंबे समय से परीक्षा से संबंधित गतिविधियों की तैयारी कर रहा है। और उसे UGC के दिशानिर्देशों का इंतजार है।