सिक्किम में 19 अक्तूबर से स्कूलों को फिर से खोला जाएगा। इस बात की जानकारी एक अधिकारी ने दी है। उनका कहना है कि सूबे में सभी स्कूलों को 19 अक्तूबर से फिर से खोलने का फैसला लिया गया है। शिक्षा व जनसंपर्क विभाग के नोडल अधिकारी भीम थाटल का कहना है कि इस साल सर्दियों की छुट्टियां पूरी तरह से खत्म कर दी जाएंगी। स्कूलों में कक्षाएं हफ्ते में छह दिन चलेंगी, शनिवार को आधा दिन स्कूल चलेगा।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में सरकारी छुट्टियां मिलेंगी। लेकिन सर्दियों की छुट्टियों को पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है। गौरतलब है कि वैश्विक कोरोना महामारी की वजह से इस साल मार्च से ही सभी स्कूल बंद हैं और छात्रों को ऑनलाइन कक्षाएं दी जा रही हैं। हालांकि, अनलॉक 5.0 के तहत सरकार ने 15 अक्तूबर से स्कूलों को खोलने की अनुमति दे दी है। अभिभावकों की लिखित अनुमति के बाद नौवीं से लेकर बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को स्कूल जाने की अनुमति मिल गई है। कुछ राज्यों ने अपने यहां 15 अक्तूबर से स्कूल खोल दिए हैं, जबकि कुछ राज्य धीरे-धीरे अपने हिसाब से स्कूलों को खोलने की तारीख निश्चित कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें- UPSC CDS Admit card 2020: प्रवेश पत्र जारी, 8 नवंबर को है परीक्षा
नोडल अधिकारी का कहना है कि स्कूलों में केंद्रीय मंत्रालयों द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का कड़ाई से पालन किया जाएगा। इसके अलावा, राज्य द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का भी पूरी तरह से पालन होगा। स्कूलों के लिए सूबे के शिक्षा विभाग द्वारा एक कैलेंडर तैयार किया गया है, जिसके द्वारा संस्थानों को फिर से खोलने से पहले कुछ व्यवस्थाएं की गई हैं। इस कैलेंडर के अनुसार, कक्षा 11 और 12 के छात्र 19 अक्टूबर से स्वैच्छिक आधार पर स्कूलों में जा सकेंगे। लेकिन इसके लिए माता-पिता की लिखित अनुमति अनिवार्य है।
इसे भी पढ़ें-NEET Result 2020 Live Updates: आज जारी होगा रिजल्ट, जानें कैसे करना होगा चेक