लॉ कालेजों में एडमिशन के लिए नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी दिल्ली ने ऑल इंडिया लॉ एंट्रेंस टेस्ट (एआईएलईटी) 2017 का शेड्यूल बुधवार को जारी कर दिया है। आवेदन प्रक्रिया एक जनवरी से शुरू होकर मार्च के अंतिम सप्ताह तक चलेगी। आवेदन www.nludelhi.ac.in पर ऑनलाइन किए जा सकते हैं। अप्रैल के पहले सप्ताह से एडमिट कार्ड मिलने लगेंगे। एंट्रेंस एग्जाम सात मई को होगा।
नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी दिल्ली के रजिस्ट्रार प्रो.जीसी वाजपेयी ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। एआईएलईटी के जरिये नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी दिल्ली सहित देश के कई बड़े लॉ कालेजों में पांच वर्षीय बीए एलएलबी (ऑनर्स), एक वर्षीय एलएलएम और पीएचडी के कोर्सों में दाखिले मिलते हैं।
पांच वर्षीय बीए एलएलबी (ऑनर्स) कोर्स के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को किसी भी विषय से कम से कम 50 फीसदी अंकों के साथ 12वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। 12वीं की परीक्षा दे रहे छात्र भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन एडमिशन के दौरान उन्हें सर्टिफिकेट दिखाना होेगा।
एलएलएम कोर्स के लिए आवेदन करने वाले युवाओं के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से कम से कम 55 फीसदी अंकों के साथ एलएलबी की पास होना अनिवार्य है। पीएचडी के लिए आवेदन करने वालों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से कम से कम 55 फीसदी अंकों के साथ मास्टर डिग्री होना अनिवार्य है।
वेबसाइट : www.nludelhi.ac.in