दिल्ली विश्वविद्यालय ने मई-जून में होने वाली दूसरे, चौथे, छठे व आठवें सेमेस्टर की ऑफलाइन परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। दो साल बाद होने जा रही ऑफलाइन परीक्षा में छात्रों को पेपर करने के लिए 30 मिनट अतिरिक्त मिलेंगे।
डीयू परीक्षा शाखा विशेष रूप से एक बार के लिए यह व्यवस्था लागू करने जा रही है। इसके साथ ही परीक्षा में उपस्थित नहीं होने वाले छात्रों को दोबारा पेपर देने के लिए भी एक और मौका मिलेगा।
डीयू परीक्षा शाखा डीन प्रो. डीएस रावत के अनुसार, परीक्षा शाखा ने मई-जून की सेमेस्टर परीक्षा में बैठने वाले छात्रों की सुविधा के लिए कुछ प्रावधान किए हैं। पहला पेपर में अतिरिक्त 30 मिनट समय का है।
वहीं, ऐसे छात्र जिन्होंनेे मई-जून की सेमेस्टर परीक्षा के लिए परीक्षा फॉर्म भर दिया है और उचित कारणों से परीक्षा में उपस्थित नहीं हो पा रहे हैं, उन्हें दोबारा पेपर देने का एक और मौका मिलेगा। ऐसे छात्रों के लिए परीक्षा के दूसरे चरण का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कॉलेज-विभागों को जानकारी भेज दी गई है। वहीं फैकल्टी व विभाग से अनुरोध किया जाएगा कि जहां भी लागू हो, प्रश्न पत्र में अतिरिक्त विकल्प दें।
जरूरतमंद छात्रों को पाठ्यसामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध
फैकल्टी, विभाग व कॉलेज को जरूरतमंद छात्रों को पाठ्यसामग्री उपलब्ध कराने के लिए अनुरोध किया जाएगा। साथ ही कक्षा टेस्ट और आंतरिक मूल्यांकन के अतिरिक्त मॉक टेस्ट आयोजित करने के लिए अनुरोध किया जाएगा। फैकल्टी, कॉलेज को पाठ्यक्रम को वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए कहा जाएगा। मालूम हो कि कोरोना महामारी नियंत्रण में आने के बाद मई-जून में दो साल बाद डीयू में ऑफलाइन परीक्षा आयोजित की जा रही है।