दिल्ली के चार विश्वविद्यालयों में बीटेक रेगुलर प्रोग्राम-2019 में दाखिले की रेस 19 मई तक शुरू होने की संभावना है। ज्वाइंट एडमिशन काउंसलिंग से दाखिले की तैयारियों पर अंतिम बैठक अगले हफ्ते आयोजित होने जा रही है। बीटेक प्रोग्राम में दाखिले जेईई मेन-2019 की रैंकिंग के आधार पर ज्वाइंट एडमिशन से होंगे। एडमिशन विंडो एक होगी। हालांकि जेईई मेन-2019 की रैंकिंग के आधार पर सीटों का आवंटन अलग-अलग किया जाएगा।
विज्ञापन
खास बात यह है कि 85 फीसदी सीटों पर दिल्ली के छात्रों को दाखिला मिलेगा, जबकि 15 फीसदी सीटों पर अन्य राज्यों के छात्र दाखिला ले सकते हैं।
इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी दिल्ली (आईआईआईटी दिल्ली), नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एनएसयूटी), दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) व इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय (आईजीडीटीयूडब्ल्यू) में बीटेक प्रोग्राम में दाखिले ज्वाइंट एडमिशन से होंगे।
ज्वाइंट एडमिशन काउंसलिंग प्रबंधन के मुताबिक, एनएसयूटी में चारों विश्वविद्यालयों की अगले हफ्ते आयोजित होने वाली बैठक में सीट, प्रोग्राम, दाखिला फीस, दाखिला शेड्यूल आदि पर चर्चा होगी। इसी बैठक के आधार पर आगे एडमिशन विंडो शुरू करने की घोषणा व शेडयूल जारी किया जाएगा।
विज्ञापन
आईआईआईटी दिल्ली, एनएसयूटी, डीटीयू व आईजीडीटीयूडब्ल्यू ने अपनी वेबसाइट पर बीटेक-2019 दाखिला अपडेट सूचना अपलोड कर दी है। उक्त संस्थानों में बीटेक रेगुलर प्रोग्राम 2019 से जुड़ी जानकारियों के लिए छात्रों को लगातार वेबसाइट देखने का आग्रह किया गया है।