IIT Delhi: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली में 'STEM मेंटरशिप प्रोग्राम' के दौरान कक्षा 9वीं और 11वीं की 80 स्कूली लड़कियों ने प्रौद्योगिकी और एआई की बारीकियां सीखीं। आईआईटी-दिल्ली के निदेशक रंगन बनर्जी के अनुसार, संस्थान का लक्ष्य STEM में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाना है यह कार्यक्रम इस दिशा में की गई पहलों में से एक है। इस कार्यक्रम का यह तीसरा वर्ष है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, "छात्रों को मासिक रूप से आयोजित होने वाली साइंस-टेक स्पिन्स व्याख्यान श्रृंखला में भाग लेने का अवसर मिला। उन्होंने STEMBoard के संस्थापक और सीईओ तथा NASA में पूर्व एयरोस्पेस इंजीनियर द्वारा दिए गए विशेष व्याख्यान में भी भाग लिया, जिसने अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी में उनकी रुचि को बढ़ाया और उन्हें और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया।"
इसमें कहा गया है, "शीतकालीन चरण पांच दिवसीय कार्यक्रम था, जिसमें आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्रों और संकाय द्वारा विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिए गए, जिनमें STEM में महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका, तंत्रिका विज्ञान में एआई की भूमिका और एल्गोरिदम डिजाइन शामिल थे। छात्रों को नवाचार के साथ सृजन में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के लिए एक DIY कार्यशाला का भी आयोजन किया गया।"