12 वर्ष के इस्साक पुलुंगमुआन का आईक्यू लेवल 17 साल के बच्चे के बराबर है। मणिपुर में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 2020 में इस्साक 10वीं की बोर्ड परीक्षा देगा। अधिकारियों के मुताबिक इस्साक पुलुंगमुआन ऐसा करने वाला मणिपुर का सबसे कम उम्र का छात्र होगा। बता दें इस्साक, चरचंदपुर जिले के माउट ओलिव स्कूल मे पढ़ता है। बोर्ड परीक्षा देने के लिए सरकार की मंजूरी पाने के लिए इस्साक को मनोविज्ञान की परीक्षा से गुजरना पड़ा।
मणिपुर, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव, चिथुंग मैरी थॉमस ने बताया कि मौजूदा विनियमों में कहा गया है कि 15 वर्ष से कम आयु के छात्रों को कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं होगी, लेकिन यह एक अपवाद है क्योंकि पुलुंगमुआन की वजह से यह विशेष मामला है।
पुलुगंमुआन के पिता जेनखोलियन वैफेई, जो माउंट ओलिव स्कूल के संस्थापकों में से एक हैं उन्होंने बताया कि शुरू में अधिकारियों ने उनके बेटे की आयु प्रमाण पत्र में 15 साल कराने का सुझाव दिया था। उन्होंने बताया कि मैनें अपने बेटे की सही जन्म तिथि के साथ एचएसएलसी परीक्षा, 2020 के लिए आवेदन करने की अनुमति के लिए शिक्षा निदेशक (स्कूल) से गुहार लगाई। इस मामले को विचार के लिए शिक्षा आयुक्त के पास भेज दिया गया। शिक्षा आयुक्त ने अपनी ओर से, रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, इंफाल से बच्चे की क्लिनिकल साइकोलॉजी के लिए अनुरोध किया।
पुलुंगमुआन के रिजल्ट से पता चला कि उनका आईक्यू स्तर 141 है, जो कि एक 17 साल पांच महीने के बच्चे के बराबर था। इसके बाद सरकार ने पुलुंगमुआन को 10वीं की परीक्षा के लिए मंजूरी दे दी गई। पुलुंगमुआन इस बात से खुश हैं कि उन्हें कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा देने के लिए अनुमति मिल गई है। उन्होंने कहा कि वह देश में सबसे युवा आईएएस अधिकारी बनकर एक और रिकॉर्ड स्थापित करना चाहते है। पुलुंगमुआन ने आगे कहा कि मुझे अपनी परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है। अंग्रेजी और सामाजिक विज्ञान मेरा पसंदीदा विषय है। मुझे देश के सबसे युवा आईएएस अधिकारी बनने का इंतजार है।