केयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजनियरिंग में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। कॉलेज में अब हर विद्यार्थी का डाइग्नोस्टिक टेस्ट होगा।
जिससे विद्यार्थियों को उनकी समस्या के साथ-साथ उसके समाधान का पता भी चलेगा। वर्ल्ड बैंक के टीक्यूपी प्रोजेक्ट के तहत इस टेस्ट से विद्यार्थियों का स्किल टेस्ट होगा।
इस स्किल टेस्ट के तहत अगर विद्यार्थी फिजिक्स, गणित, केमिस्ट्री सहित किसी भी विषय में अगर कमजोर हैं, तो उनके लिए कक्षाओं के साथ-साथ प्रशिक्षण का विशेष प्रबंध किया जाएगा।
इस प्रोजेक्ट के तहत विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए संस्थान में पहला डाइग्नोस्टिक टेस्ट किया गया। विद्यार्थी गुणवत्ता विकास के लिए किए गए टेस्ट के लिए संस्थान के विभिन्न पाठयक्रमों में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए एक कॉमन टेस्ट होगा।
संस्थान के निदेशक प्रोफेसर दिनेश अग्रवाल ने बताया कि संस्थान में अपनी तरह का यह पहला टेस्ट है। इस टेस्ट के माध्यम से संस्थान में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की विभिन्न विषयों से संबंधित उनकी कमजोरियों के साथ-साथ किन विषयों में वे बहुत अच्छे हैं, इस बारे में जान सकेंगे और जिन विषयों में विद्यार्थियों की परफार्मैंस अच्छी नहीं होगी, उसके लिए इस प्रोजेक्ट के तहत विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम व कक्षाएं चलाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि संस्थान में हर वर्ष कई बड़ी कंपनियां प्लेसमेंट के लिए आती हैं। संस्थान में विद्यार्थी गुणवत्ता विकास कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।
अगले कुछ समय में इसे सभी विद्यार्थियों के लिए जरूरी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में पहला स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थी को एक हजार, दूसरे स्थान को 800 व तीसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को 500 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
विद्यार्थियों के हाथों में होंगे लड्डू
संस्थान के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सीसी त्रिपाठी ने बताया कि इस योजना का फायदा यह होगा कि विद्यार्थियों के दोनों हाथों में लड्डू होंगे।
जो विद्यार्थी इस स्किल टेस्ट को पास करेगा, उसे इनाम दिया जाएगा। टेस्ट के बाद अगर किसी विषय में कमजोरी का पता चलेगा, तो उसके लिए कक्षाओं के साथ-साथ प्रशिक्षण का विशेष प्रबंध किया जाएगा।
330 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
संस्थान के ट्रेनिंग प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. अजय शर्मा के अनुसार मंगलवार को संस्थान के 330 विद्यार्थियों ने गणित, फिजिक्स व केमिस्ट्री विषयों के लिए आयोजित डाइग्नोस्टिक परीक्षा दी।
इस परीक्षा का परिणाम जल्द ही घोषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संस्थान में दो सितंबर को मैग्र्रीसॉफ्ट कंपनी प्लेसमेंट के लिए आने वाली है व कई और कंपनियों से बातचीत चल रही है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य एक तरह से संस्थान में ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट को बढ़ाना भी है।