मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा है कि ड्रग्स तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आईजी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में एक स्पेशल सेल बनाया गया है।
यह सेल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करेगा तथा ड्रग्स तस्करी में अफसरों और राजनीतिक लोगों की कथित सांठगांठ को उजागर करेगा। इस सेल के गठन का एकमात्र उद्देश्य राज्य को नशा मुक्त बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल हर बड़े-छोटे व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीएम शुक्रवार को तलवंडी साबो में संगत दर्शन के दौरान बातचीत कर रहे थे।
राज्य में ड्रग्स तस्करी के जाल को तोड़ने के लिए केंद्र सरकार से सहायता की मांग करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा पार से नशीले पदार्थों की आवक रोकने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि सरहद की रक्षा करने वाले सीमा सुरक्षा बल और अन्य एजेंसियां सीधे तौर पर केंद्र सरकार के नियंत्रण में हैं। इसलिए राज्य सरकार केंद्र से सीमा पर गश्त बढ़ाने की अपील करेगी ताकि सीमापार से आने वाले ड्रग्स की सप्लाई रोकी जा सके।