अमर उजाला फाउंडेशन के आह्वान पर मंगलवार को अमर उजाला की लगभग सभी इकाइयों और ब्यूरो ऑफिसों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 31 केंद्रों पर लगभग 2000 लोगों ने रक्तदान किया।
कानपुर में 174 यूनिट रक्तदान हुआ। कानपुर संस्करण सहित दूसरे ब्यूरो आफिसों बांदा (71), चित्रकूट (9), हमीरपुर (17), महोबा (30), जालौन (40), फर्रुखाबाद (58), फतेहपुर (42), इटावा (80), हरदोई (56), कन्नौज (14), उन्नाव (74) में रक्तदाताओं ने कुल 665 यूनिट रक्तदान किया। इसके साथ ही यहां 36 देहदान और 25 नेत्रदान शपथ पत्र भरवाए गए।
देहरादून में 439 यूनिट रक्तदान हुआ। यहां पांच हजार लोगों ने रक्तदान शपथ पत्र भरे। दस हजार लोगों ने भविष्य में रक्तदान का संकल्प लिया। आगरा में 70 यूनिट रक्तदान हुआ। यहां अमर उजाला कार्यालय पर 15 यूनिट रक्त प्राप्त हुआ।
इलाहाबाद में 42 यूनिट, मथुरा में 24 और मैनपुरी में जिला अस्पताल में तीन यूनिट रक्त एकत्र हुआ। झांसी में जिला अस्पताल में आयोजित शिविर में 62 लोगों ने रक्तदान किया। अलीगढ़ में रिकार्ड 133 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
गोरखपुर में जिला अस्पताल के ब्लड बैंक स्टाक में पांच घंटे के भीतर 48 यूनिट रक्त का इजाफा हुआ। 58 वर्षीय महिला रेल कर्मचारी अर्लिन मिली सेंट फैलबुश ने 50 बार रक्तदान करने के अपने कीर्तिमान को तोड़ा। अर्लिन ने 51वीं दफा रक्तदान किया। बनारस में 112 लोगों ने रक्तदान किया।
मुरादाबाद में 40 लोगों ने रक्तदान किया। जम्मू में 21 लोगों ने रक्तदान किया। नोएडा में अमर उजाला कार्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर में संस्थान के 64 कर्मचारियों ने रक्तदान किया।
लखनऊ में रक्तदान शिविर 2 अक्तूबर गांधी जयंती पर आयोजित किया जाएगा। धर्मशाला में यूनिट के स्थापना दिवस के अवसर पर 8 अक्तूबर को रक्तदान शिविर का आयोजन होगा।