नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने भोला भाई गिरोह के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत दर्ज मामले में भलस्वा डेयरी निवासी सुजल उर्फ ढेला को गिरफ्तार किया है। उसे जहांगीरपुरी थाने में सात मार्च को मकोका की धारा तीन और चार के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया है। सुजल पर शराब की अवैध बिक्री करने वालों, पार्किंग कर्मचारियों और जुआ खेलने वालों से जबरन वसूली करने का आरोप है। उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि गिरोह के सरगना मुकेश उर्फ भोला को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, एक अन्य आरोपी विपिन को 28 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। उन्होंने बताया कि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने गिरोह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गिरोह हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण, जबरन वसूली, गोलीबारी और शस्त्र अधिनियम के तहत अपराधों में शामिल रहा है। पुलिस के मुताबिक, मुकेश अपने भाई आकाश उर्फ अक्कू और अन्य सहयोगियों की मदद से गिरोह चलाता था। आरोप है कि गिरोह इलाके में दबदबा कायम करने और रंगदारी के लिए धमकियों तथा हिंसा का इस्तेमाल करता था। ब्यूरो