नई दिल्ली। बवाना की जेजे कॉलोनी में 25 साल के युवक बाली की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर हमलावर की पहचान करने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, बाली परिवार के साथ जेजे कॉलोनी ई-ब्लॉक में रहता था। मूलत: बिहार निवासी बाली बेलदारी करता था। परिवार वालों ने बताया कि दिवाली की रात बाली की एक युवक से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावर युवक ने चाकू निकाल लिया और बाली पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी वहां से भाग गया। परिवार वाले गंभीर रूप से घायल बाली को पास के अस्पताल में लेकर गए जहां से डॉक्टरों ने उसे अंबेडकर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर वहां पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना के मुताबिक घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे और लोगों ने पूछताछ कर हमलावर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हमला के कारणों का खुलासा हो पाएगा। ब्यूरो