नई दिल्ली। वायु प्रदूषण कम करने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने शनिवार को गाजियाबाद में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला और आईईसी गतिविधि का समापन किया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) और राहगिरी फाउंडेशन के सहयोग से किया गया। यह एनसीआर के नौ शहरों—दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, भिवाड़ी और नीमराणा में होने वाली कार्यशालाओं की पहली कड़ी थी। हिंदी भवन में आयोजित इस कार्यशाला का लक्ष्य टिकाऊ सड़क डिजाइन और धूल नियंत्रण को बढ़ावा देना था। सीएक्यूएम के तकनीकी सदस्य डॉ. एसडी अत्री ने कहा, आयोजन इंजीनियरों को व्यावहारिक समाधान लागू करने के लिए सशक्त बनाएगा। एनसीआर में सीएक्यूएम धूल मुक्त सड़कों और स्वच्छ शहरी वातावरण के लिए काम कर रहा है।सीएक्यूएम की संसाधन प्रयोगशाला धूल प्रदूषण कम करने के लिए सर्वोत्तम प्रथाओं को बढ़ावा देगी। यह पहल स्वच्छ हवा और बेहतर शहरी वातावरण के लिए महत्वपूर्ण है।