नई दिल्ली। शाहबाद डेयरी इलाके में शनिवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। शव महादेव चौक के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतका की पहचान हरियाणा के भिवानी निवासी सुमन (28) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे महादेव चौक के पास महिला के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो महिला के सिर से काफी खून निकल रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि किसी वाहन ने महिला को टक्कर मारी थी। पुलिस को घटनास्थल से महिला का मोबाइल फोन मिला। इसी दौरान मोबाइल पर आए फोन के माध्यम से उसकी पहचान सुमन के रूप में हुई। क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। संवाद