नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में आम आदमी पार्टी के विधायक मेहराज मलिक को अस्पताल की मांग करने पर गिरफ्तार किए जाने की कार्रवाई को पार्टी ने मोदी सरकार की तानाशाही करार दिया है। आप ने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रही है। जनता की जायज मांग को दबाने के लिए विपक्षी नेताओं को टारगेट बना रही है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि क्या जनता के लिए अस्पताल मांगना गुनाह है। जेल, धमकियां और साजिशें हमें कभी डरा नहीं सकतीं। हम जनता के हक की लड़ाई हमेशा लड़ेंगे। आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भी गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि सत्ता की भूख में डूबी मोदी-शाह सरकार की यह खुली तानाशाही है, जहां जनता के हक की आवाज उठाने वालों को खतरा समझा जा रहा है। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि मेहराज मालिक संघर्षशील नेता हैं और जनता की आवाज दबाने के लिए की गई यह कायराना कार्रवाई भाजपा सरकार का चेहरा उजागर करती है। ब्यूरो