नई दिल्ली। शाहबाद डेयरी इलाके में एक व्यक्ति को झांसा देकर सुनसान जगह पर बुलाकर उससे सोने की चेन छीनने के मामले में रोहिणी कोर्ट ने दो महिलाओं को छह-छह महीने के कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि आर्थिक तंगी अपराध का जायज ठहराव नहीं हो सकती। मामला वर्ष 2026 की एफआईआर से जुड़ा है। दोषियों की पहचान सपना और प्रियंका के रूप में हुई है। अभियोजन के अनुसार, दोनों महिलाओं ने शिकायतकर्ता को इस बहाने सुनसान जगह पर बुलाया कि उनकी सास झाड़ियों के पीछे बेसुध पड़ी हैं। जैसे ही शिकायतकर्ता मदद के इरादे से वहां पहुंचा, दोनों महिलाओं ने उसे रोक लिया और उसकी सोने की चेन जबरन उतार ली। शिकायतकर्ता द्वारा शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे एक पुलिसकर्मी ने दोनों को दबोच लिया। रोहिणी कोर्ट की ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी भारती बेनीवाल ने सुनवाई के दौरान कहा कि यह मामला कोई अचानक हुई छीनाझपटी नहीं था, बल्कि शिकायतकर्ता के भरोसे और मदद करने की भावना का फायदा उठाकर उसे जानबूझकर फंसाया गया। ब्यूरो