पूर्वी दिल्ली। शाहदरा जिला पुलिस ने गांधी नगर और आनंद विहार में झपटमारी की दो वारदातों को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से छीना हुआ पर्स, मोबाइल और बाइक बरामद की है। आरोपियों की पहचान गांधी नगर निवासी उमर फारुख और मंडोली निवासी रोहित के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी से कुल छह झपटमारी की वारदात का खुलासा किया है। शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि 10 नवंबर की शाम गांधी नगर के दौलत बाजार में संदीप एंड संस दुकान के सामने एक महिला का पर्स झपट लिया गया। सूचना मिलते ही टीम ने आसपास तलाश शुरू की और कुछ ही देर में आरोपी उमर फारुख को पकड़ लिया। वहीं, 10 नवंबर को आनंद विहार में दो बदमाशों ने अस्पताल से पत्नी के साथ लौट रहे दीनदयाल का मोबाइल झपट लिया। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने पीछा कर आरोपी रोहित को रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके पास से मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई। पुलिस उसके साथी लाला की तलाश कर रही है। ब्यूरो