संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री
ट्रॉमा सेंटर का भी जायजा लिया, पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मंगोलपुरी में 662 बेड की क्षमता का ट्रॉमा सेंटर बनेगा। यह पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज का दावा है कि यह देश का सबसे बड़ा ट्रॉमा सेंटर होगा। यहां सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जो आपातकालीन स्थिति में किसी मरीज को आवश्यक होती हैं।
दरअसल सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज मंगोलपुरी में स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के लोगों को जल्द नए ट्रॉमा सेंटर की सौगात देगी। अस्पताल में बन रहे नए ट्रॉमा सेंटर की बिल्डिंग का कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री केजरीवाल के आदेशानुसार इस ट्रॉमा सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह भारत का सबसे बड़ा ट्रॉमा सेंटर बनने वाला है।
अपने दौरे में संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों से मुलाकात कर स्वास्थ्य मंत्री ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सभी अव्यवस्थाओं को दूर कर मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने को कहा। अस्पताल में आपातकालीन सेवाओं, ओपीडी विभाग, पर्चा बनवाने की लाइन और आईसीयू सहित संस्थान की विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। इस नए ट्रॉमा सेंटर में ऑपरेशन थिएटर और ओपीडी हॉल समेत विभिन्न डायग्नोस्टिक सुविधाएं मरीजों को मिलेंगी।
मंत्री ने ठेकेदार को लगाई फटकार
विधानसभा की उपाध्यक्ष व स्थानीय विधायक राखी बिड़ला ने मंत्री से शिकायत की कि निर्माण कार्य अपनी समय सीमा के हिसाब से बेहद धीमी गति से चल रहा है, जिस पर नाराजगी जताते हुए मंत्री सौरभ भारद्वाज ने ठेकेदार को फटकार लगाई और जल्द से जल्द एवं तय समय सीमा में इस बिल्डिंग के निर्माण कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। दिल्ली में ट्रॉमा सेंटर की संख्या बहुत अधिक न होने पर अक्सर किसी दुर्घटना के पश्चात लोगों को क्षेत्र से बहुत दूर किसी ट्रॉमा सेंटर में मरीज को ले जाना पड़ता है, ऐसी स्थिति में तुरंत उपचार न मिलने से मरीज की मौत की अधिक आशंका बनी रहती है।