नई दिल्ली। दिल्ली टैक्सी एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन ने दशहरे पर बृहस्पतिवार को नेब सराय के साबरमती ग्राउंड में रावण दहन के साथ-साथ अन्याय, शोषण और भ्रष्टाचार के प्रतीक पुतलों का दहन किया। ट्रांसपोर्टर्स ने पेट्रोल में एथनॉल की मिलावट, प्रदूषण के नाम पर डीजल टैक्सी-बसों पर जुर्माना, टोल टैक्स, महंगे ट्रैफिक चालान, इंश्योरेंस कंपनियों की मनमानी और पैनिक बटन के नाम पर भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों के खिलाफ प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सम्राट ने कहा, सरकार और प्रशासन ट्रांसपोर्टरों की मांगों को लगातार अनसुना कर रहा है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल में 100 फीसदी शुद्धता सुनिश्चित करने की मांग की। कहा, ट्रैफिक जुर्माने कम किए जाएं, इंश्योरेंस कंपनियों पर सख्ती हो, पैनिक बटन के नाम पर वसूली बंद हो। बीएस-4 डीजल वाहनों को स्क्रैप न करने और टोल टैक्स हटाने की मांग की गई। ब्यूरो