दरअसल एक सप्ताह पूर्व फराज ने किसी बात पर 16 वर्षीय नाबालिग की पिटाई कर दी थी। बातचीत करने के लिए नाबालिग ने तीन दिन पूर्व फराज की बाइक को रोकना चाहा, लेकिन वह नहीं रुका। इस बात से खफा होकर नाबालिग ने वारदात को अंजाम दिया। नेब सराय थाना पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
दक्षिण जिला की पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि रविवार शाम को स्थल मंदिर, संगम विहार इलाके में बीच बाजार युवक को चाकू मारने की सूचना मिली थी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तब तक संगम विहार निवासी फराज को एम्स ले जाया जा चुका था। वहां पहुंचने पर उसकी मौत की सूचना मिली। हत्याकांड के प्रत्यक्षदर्शी फराज के दोस्त ने बताया कि अजय, आमिर व दो नाबालिग लड़कों ने वारदात को अंजाम दिया था। बाद में सभी आरोपी फरार हो गए।
नेब सराय थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल की। वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद मिली। जांच के बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों समेत चार लड़कों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान चारों ने हत्या की बात कबूल कर ली। नाबालिग संगम विहार और देवली के रहने वाले हैं।