फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम का मिजाज : सर्द हवाओं ने गिराया दिल्ली का तापमान, इस महीने का सबसे ठंडा दिन रहा बृहस्पतिवार

Fri, 10 Dec 2021 04:34 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

8.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा न्यूनतम पारा। सप्ताह के अंत तक सात डिग्री तक पहुंचने के आसार।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : iStock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तरी दिशा से हिमालय की ओर से आने वाली सर्द हवाओं से दिल्ली में ठंढ बढ़ गई है।  बृहस्पतिवार दिसंबर का सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सप्ताह के अंत तक पारा लुढ़ककर सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 

विज्ञापन


मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 23.5 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक कम 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर 46 से 97 फीसदी रिकॉर्ड हुआ है। दिनभर धूप खिलने से जहां लोगों को ठंड से राहत रही वहीं, शाम होते ही सर्द हवाओं की वजह से ठंढ बढ़ गई। 

8.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारे के साथ लोदी रोड इलाका सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। 
विज्ञापन


भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान(आईआईटीएम) के मुताबिक, बृहस्पतिवार को हवा की रफ्तार चार किमी प्रति घंटा रिकॉर्ड हुई है। वहीं, मिक्सिंग हाइट 1100 मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स 2500 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रिकॉर्ड किया गया है। अगले 24 घंटे में  मिक्सिंग हाइट बढ़कर 1200 मीटर व हवा की रफ्तार चार से छह किमी प्रति घंटा रिकॉर्ड की जा सकती है। शनिवार तक मिक्सिंग हाइट 1050 मीटर, हवा की रफ्तार आठ से 10 किमी प्रति घंटा व वेंटिलेशन इंडेक्स तीन हजार वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रिकॉर्ड किया जा सकता है। 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के मुताबिक, बृहस्पतिवार को दिल्ली का एक्यूआई 289 रहा। इससे एक दिन पहले यह 237 रहा था। वहीं, एक दिन पहले ग्रेटर नोएडा की हवा 154 एक्यूआई के साथ सबसे साफ रिकॉर्ड की गई थी, लेकिन बीते 24 घंटे में यह बिगड़कर 297 के आंकड़े के साथ बहुत खराब श्रेणी के नजदीक पहुंच गई है। इसके अलावा फरीदाबाद का एक्यूआई 263, गाजियाबाद का 303, गुरुग्राम का 257 और नोएडा का 277 एक्यूआई रहा। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें