नई दिल्ली। रोहिणी जिला पुलिस ने सिर्फ तीन दिनों में सुरक्षा गार्ड पर चाकू से हमला कर दुकान लूटने की कोशिश करने वाले बिहार निवासी जाहिद उर्फ हसन उर्फ बाबू , यूपी निवासी सत्यभान और उत्तम नगर दिल्ली निवासी लक्ष्य उर्फ लूथराको गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, जाहिद के खिलाफ डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत 7 पुराने मामले दर्ज हैं, जबकि सत्यभान पर डकैती और आर्म्स एक्ट के 2 मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, लक्ष्य उर्फ लूथरा जाली नोट और धोखाधड़ी के मामलों में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। जांच में पता चला है कि यह गिरोह देर रात दुकानों की रेकी कर लूटपाट और चोरी की वारदातें करता था। जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि घटना 8 नवंबर की रात करीब 1:40 बजे विश्राम चौक के पास एक बंसीवाला की दुकान पर हुई थी। दुकान की रखवाली कर रहे सुरक्षा गार्ड ने देखा कि तीन बदमाश एक सफेद स्विफ्ट कार से आए और दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। जब गार्ड ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। ब्यूरो