आपदा से निपटने के बारे में जानेंगे छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
दिल्ली। राजधानी के सभी स्कूलों में छात्रों को आपदा से निपटने के बारे में बताया जाएगा। इसके लिए दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूलों को आपदा प्रबंधन समिति गठन करने के निर्देश दिए हैं। इसमें कहा गया है कि आपदा की रोकथाम, तैयारियों, राहत व बचाव पर कर्मचारियों और छात्रों के बीच जागरूकता पैदा करने के लिए एक स्कूल स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति का गठन करने के लिए कहा गया है। समिति ये सुनिश्चित करेगी कि स्कूल में आपदा प्रबंधन योजना की सही तरीके से तैयारी हो। स्कूल के पास प्राथमिक चिकित्सा सुविधा, आपातकाल के लिए जरूरी उपकरण, आपातकालीन फोन नंबर समेत दूसरे सभी इंतजाम समिति को ही रखने हैं। साथ ही हर शिक्षक और छात्र को इनके उपयोग करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।