- पहली यूपीबीए अंडर-12 मिनी बालक राज्य बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 55 जिलों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, सांसद सुरेंद्र नागर करेंगे शुभारंभ
ग्रेटर नोएडा(संवाद)। दादरी के सादोपुर गांव स्थित जेएसबी बॉक्सिंग अकादमी में शनिवार से पहली यूपीबीए अंडर-12 मिनी बालक यूपी स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 का आगाज होगा। दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के करीब 55 जिलों से आए नन्हे मुक्केबाज रिंग में दमखम दिखाएंगे। राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और शुक्रवार से विभिन्न जिलों की टीमों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। आयोजक प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेशभर के बाल मुक्केबाजों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। अलग-अलग जिलों से खिलाड़ी विभिन्न भार वर्गों में हिस्सा लेंगे। शनिवार से मुकाबले शुरू होंगे, जिनमें खिलाड़ी अपने पंच, तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव प्रवेश बैसोया ने बताया कि प्रतियोगिता में 23, 25, 27, 30, 33, 35, 37, 40, 43, 46, 49, 52, 55, 58 और 61 किग्रा भार वर्ग में मुकाबले होंगे। गौतमबुद्ध नगर के भी करीब 15 खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।