नई दिल्ली। भारत नगर के वजीरपुर स्थित फैक्टरी में दिवाली पर गिफ्ट लेने जा रहे एक कर्मचारी पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। 30 साल का जावेद बुआ के परिवार के साथ वजीरपुर में रहता है। बुआ ने बताया कि जावेद एक सप्ताह पहले ही बिहार के सहरसा से यहां नौकरी करने आया है। वह वजीरपुर स्थित चप्पल की फैक्टरी में काम करता है। दीवाली की सुबह वह फैक्टरी में गिफ्ट लेने जा रहा था तभी दो बदमाशों ने उससे मोबाइल फोन लूटने की कोशिश की, विरोध करने पर बदमाशों ने पहले पेट में चाकू मारने की कोशिश की, लेकिन जावेद ने चाकू अपने हाथ में पकड़ लिया। फिर बदमाशों ने उसके कंधे पर चाकू से हमला कर दिया। शोर मचाने पर दोनों बदमाश भाग गए। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। ब्यूरो