नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब में नशे से मौत और मृतक के अंतिम संस्कार को लेकर भगवंत मान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सिरसा ने कहा कि दलजीत सिंह की मौत के बाद पंजाब पुलिस ने रात ढाई बजे उनके परिवार को कथित तौर पर डराया और शव जबरन ले जाने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार पर लिखकर देने का दबाव बनाया गया कि दलजीत की मौत ड्रग ओवरडोज से नहीं हुई। सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सिरसा ने कहा कि पंजाब में पहले गुलजार का जबरन अंतिम संस्कार कराया गया और अब दलजीत सिंह के शव के साथ भी जबरदस्ती की गई। सिरसा ने पंजाब सरकार पर हमला बोलते हुए उसके कथित अत्याचारों की तुलना अहमद शाह अब्दाली, महमूद गजनवी और हिटलर के अत्याचारों से की। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से कहा कि यदि उनमें आत्मसम्मान बचा है तो अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को पंजाब से बाहर करें। ब्यूरो